BusinessNews

गणतंत्र दिवस हमारे वैभव, विकास, समृद्धि, ऐश्वर्य एवं विरासत का प्रतीक – गुंजीत सिंह चीमा

76वें गणतंत्र दिवस पर ध्वजारोहण कर आकर्षक मार्चपास्ट की ली सलामी…

animal image

Ashoka Times….26 January 2025

पांवटा साहिब, 26 जनवरी – 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर पांवटा साहिब में आयोजित उपमंडल स्तरीय समारोह में बतौर मुख्यातिथि उप मंडल दंड़ाधिकारी गुंजीत सिंह चीमा ने नगरपालिका परिषद मैदान में ध्वजारोहण कर आकर्षक मार्चपास्ट की सलामी ली.

इस दौरान SDM गुंजीत सिंह चीमा ने शहीद स्मारक पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
गुंजीत सिंह चीमा ने अपने संबोधन में सभी को 76वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी 1950 को संविधान लागू होने के पश्चात हमारा देश विश्व में गणतंत्र राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ। उन्होंने कहा कि हमारे देश का समृद्ध इतिहास रहा है जहाँ विभिन्न जाति, धर्म, संप्रदायों के बलिदान एवं संघर्ष से हमें आजादी प्राप्त हुई है। जिसे संजोए रखने के लिए धर्मनिरपेक्ष, संप्रभु, समाजवादी एवं लोकतांत्रिक राष्ट्र की संकल्पना को आधुनिक भारत अपने संविधान द्वारा व्यक्त करता है।

animal image

उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस हमारे वैभव, विकास, समृद्धि, ऐश्वर्य एवं विरासत की कहानी सुनाता है।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष हम “स्वर्णिम भारत-विरासत और विकास” थीम के साथ अपना 76 वां गणतंत्र दिवस मना रहे हैं। इस उद्देश्य से स्पष्ट हो जाता है कि हमें विकास की श्रृंखला को निरंतर इसी तरह से बढ़ाते रहना है, किंतु साथ ही अपनी विरासत को भी सुरक्षित रखना है। उन्होंने कहा कि विरासत और विकास का आदर्श वाक्य इस लिए अधिक महत्वपूर्ण हो जाता है, क्योंकि विकास की अंधी दौड़ में विरासत को संभालना नई पीढ़ी का ही दायित्व है।

उन्होंने कहा कि इस दिन कत्तर्व्य पथ पर हमारी सैन्य क्षमता का विस्तार और सांस्कृतिक धरोहर का वैभव देखकर देश की अनुभवी पीढ़ी गर्व महसूस करती है तो नई पीढ़ी विस्मित होकर इनके संवर्धन के लिए शपथ लेती है। वहीं दूसरी ओर इस प्रदर्शन से हम विश्व को अपनी क्षमता शौर्य, पराक्रम से सम्पन्न सैन्य शक्ति तथा विविधता में एकता की सांस्कृतिक धरोहर से अचंभित करते हैं।


उन्होंने कहा कि गुरु की नगरी पांवटा साहिब एक ऐतिहासिक नगर है। इसका समुचित विकास, सुरक्षा व्यवस्था, इसकी पवित्रता, सौन्दर्यकरण हम सबके व्यक्तिगत योगदान पर निर्भर करता है। प्रत्येक नागरिक अपने-अपने कर्म क्षेत्र में निष्ठा पूर्वक अपने कर्तव्य का पालन करता है, तो उसे देश सेवा ही कहा जाता है। उन्होंने कहा कि हमारे सैनिक सीमाओं पर देश की रक्षा करते हैं, जिसके कारण दुश्मन शक्तियों से हमारा देश सुरक्षित रहता है। किंतु हमें अपने देश को सामाजिक कुरीतियों, सांप्रदायिकता, नशा और आंतरिक कल्ह जैसे भीतरी दुश्मनों से भी बचाना है, यह कार्य हम सभी नागरिकों को मिलकर अपने विवेक एवं आपसी सौहार्द से संपादित करना होगा।

इस मौके पर पांवटा शहर में सड़कों पर घूमने वाले डॉग्स को लेकर कई वर्षों से काम कर रहे दंपति राज और डिंपल को भी सम्मानित किया गया। बता दे की राज और डिंपल, शहर में 100 से अधिक सड़कों पर रहने वाले डॉग्स की केयर करते हैं। इतना ही नहीं शहर में घायल चाहे वह गौंवश हो या अन्य कोई भी जानवर उनका इलाज करने वह एक आवाज पर करने निकल पढते हैं। एसडीएम गजित चीमा ने राज और डिंपल दोनों को ही उनके सराहनीय कार्यों को लेकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम के दौरान शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया गया जिनमें गाँव डोईवाला के शहीद कुलविंद्र सिंह, सुरजपुर के शहीद शेर सिंह, गाँव कोलर के शहीद वीरेंद्र सिंह, गाँव बेहडेवाला के शहीद बलबीर सिंह, राजपुर के शहीद समीर कुमार, गाँव कोलर के शहीद प्रीतम सिंह, गाँव भरली के शहीद आशीष के परिजन शामिल रहे।

इस अवसर पर डीएसपी मानवेंद्र ठाकुर, तहसीलदार ऋषभ शर्मा, असगर अली निदेशक जोगिंद्रा बैंक, नगर पालिका परिषद की अध्यक्षा निर्मल कौर, उपाध्यक्ष ओम प्रकाश कटारिया, प्रधान व्यापार मण्डल अनिंदर सिह नोटी विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवम् कर्मचारियों सहित स्थानीय गणमान्य व्यक्ति व विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्य तथा अध्यापक मौजूद रहे ।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *