26.4 C
New York
Saturday, August 2, 2025

Buy now

कांग्रेस सरकार का बजट हिमाचल निराशा जनक…महंगाई और नए करों से जनता बेहाल… बलदेव तोमर

Ashoka Times….17 March 2025

शिमला: भाजपा प्रवक्ता बलदेव तोमर ने कांग्रेस सरकार द्वारा प्रस्तुत 2025-26 के बजट को दिशाहीन और हिमाचल प्रदेश की आर्थिक बदहाली को और गहरा करने वाला बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रदेश की जनता के साथ एक छलावा है, जिसमें विकास की कोई ठोस योजना नहीं, बल्कि हिमाचल को कर्ज के दलदल में धकेलने की नीति अपनाई गई है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के आने के बाद से हिमाचल प्रदेश गंभीर वित्तीय संकट में फंसता जा रहा है। 2023 में राज्य पर ₹76,185 करोड़ का कर्ज था, जो अब ₹1 लाख करोड़ से अधिक हो चुका है। सरकार कर्ज के सहारे प्रदेश को चला रही है, लेकिन इस कर्ज की भरपाई कैसे होगी, इस पर बजट में कोई जवाब नहीं दिया गया। कांग्रेस सरकार को जनता को बताना चाहिए कि वह वित्तीय प्रबंधन में इतनी बुरी तरह क्यों विफल हो रही है।

चुनावी वादों पर यू-टर्न, जनता के साथ धोखा

बलदेव तोमर ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने चुनाव से पहले दस गारंटियों का वादा किया था, लेकिन अब तक एक भी वादा पूरा नहीं हुआ। महिलाओं को ₹1500 भत्ता देने की घोषणा सिर्फ कागजों में रह गई है, बेरोजगारों को भत्ता देने की बात भी ठंडे बस्ते में है। पांच लाख नौकरियों की घोषणा का भी बजट में कोई जिक्र नहीं है। पुरानी पेंशन योजना की बहाली को लेकर भी सरकार स्पष्ट रुख नहीं दिखा रही, जिससे कर्मचारियों में रोष है।

महंगाई और नए करों से जनता पर बोझ

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने महंगाई कम करने के बजाय जनता पर नए करों का बोझ डाल दिया है। पेट्रोल-डीजल और शराब पर टैक्स बढ़ाकर आम लोगों की जेब पर चोट की गई है। व्यापारियों और छोटे उद्योगों पर अतिरिक्त कर लगाए जा रहे हैं, जिससे प्रदेश की आर्थिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।

केंद्र की योजनाओं पर झूठा श्रेय लेने की कोशिश….

बलदेव तोमर ने कहा कि कांग्रेस सरकार केंद्र सरकार की योजनाओं को अपना बताकर जनता को गुमराह कर रही है। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, जल जीवन मिशन और अन्य केंद्र प्रायोजित योजनाओं के तहत हिमाचल को अब तक की सबसे अधिक वित्तीय सहायता मिली है, लेकिन कांग्रेस सरकार इसे अपनी उपलब्धि के रूप में पेश करने की कोशिश कर रही है।

भ्रष्टाचार और माफिया राज चरम पर….

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में खनन माफिया और भ्रष्टाचार को खुला संरक्षण मिल रहा है। सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार बेखौफ चल रहा है, लेकिन सरकार कोई कार्रवाई करने को तैयार नहीं है। पारदर्शिता और जवाबदेही की पूरी तरह से कमी है, जिससे प्रदेश का विकास प्रभावित हो रहा है।

भाजपा इस जनविरोधी बजट के खिलाफ लड़ेगी…

बलदेव तोमर ने कहा कि भाजपा मांग करती है कि कांग्रेस सरकार यह स्पष्ट करे कि राज्य को आर्थिक संकट से उबारने के लिए उसकी क्या योजना है। बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार पर सरकार को अपनी स्थिति साफ करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा इस जनविरोधी बजट के खिलाफ हर स्तर पर संघर्ष करेगी और कांग्रेस सरकार की नाकामियों को जनता के सामने उजागर करेगी।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest Articles